त्योहारी सीजन में लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने झज्जर व बेरी में छापे मारे। टीम ने झज्जर के शॉपिंग मॉल में सैपलिंग की कार्रवाई शुरू की। जिले में विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों से आठ सैंपल भरे हैं। सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए है।
झज्जर शॉपिंग मॉल से अलग-अलग 4 सैंपल और उसके बाद बेरी क्षेत्र के गांव दुबलधन में एक मिष्ठान भंडार से दो सैंपल व बेरी में एक परचून की दुकान से 2 सैंपल भरे गए। जिस समय खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बेरी में पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सैपलिंग की बात सुनकर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। जब तक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बेरी में रही तब तक दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोली। सैपलिंग कार्रवाई के दौरान वीरवार दिन में झज्जर के शॉपिंग मॉल से अलग-अलग चार सैंपल लिए गए। जिसमें पतीसा, पापड़, अचार, चने की दाल के सैंपल भरे गए।
वहीं बेरी के गांव दुबलधन में विभाग की टीम ने एक मिष्ठान भंडार एक इमरती, बूंदी का लड्डू का सैंपल लिया गया। देर शाम को विभाग की टीम ने बेरी में पहुंच कर एक परचून की दुकान से सरसों का तेल व दलिया का सैंपल लिया। टीम ने सैंपल प्रयोगशाला में भेज दिए। यदि जांच के बाद सैंपल फेल आए तो विभाग के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. जोगेंद्र ने कहा कि त्योहारी सीजन के चलते झज्जर व बेरी में सैपलिंग की कार्रवाई की गई है। जिसमें झज्जर शॉपिंग मॉल से 4 सैंपल व दुबलधन मिष्ठान भंडार से 2 सैंपल व बेरी परचून की दुकान से 2 सैंपल भरे गए। खाद्य पदार्थों में मिलावट करना मनुष्य के जीवन के साथ खिलवाड़ करना है। यदि कोई व्यक्ति खाद्य पदार्थों व सामग्री में मिलावट करता है तो पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जुर्माना व सजा का प्रावधान है।