झज्जर। जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, सीआईडी, सीआईए व आरटीए की टीमें रेवाड़ी रोड पर पहुंचीं। 19 वाहन पकड़े गए। इन वाहनों पर आठ लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वाहनों को रोडवेज कर्मशाला में खड़ा किया गया है।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष भारत ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन रविंद्र कुमार को इस बात का पता चला तो वह भी मौके पर पहुंचे। चालान काटने वाली टीमों के अधिकारियों के साथ उनकी बहस हुई। उनका कहना है कि सरकार की तरफ से नोटिफिकेशन जारी किया गया है कि आरसी में जो लोड दर्शाया गया है उससे पांच फीसदी अतिरिक्त लोड गाड़ी ले जा सकती है। नोटिफिकेशन दिखाने के बावजूद अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की। उसके बाद तोल कराकर कुछ वाहनों को छोड़ा गया। इन टीमों में सीआईडी की तरफ से निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, पवन, जयकिशन, राजवीर आदि शामिल थे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में निरीक्षक सुल्तान सिंह, उप निरीक्षक जय भगवान, आरटीई के दस्ते में सुखबीर सिंह आदि शामिल थे।
वर्जन
विभाग की तरफ से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। ओवरलोड वाहनों के चालान काटे गए हैं। जुर्माना राशि की अदायगी के बाद गाड़ी ले जायी जा सकती है। - सुखबीर सिंह, सहायक सचिव, आरटीए।