फॉगिंग करता नगर परिषद का कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। मानसून की बारिश के बाद मच्छरों की संख्या में इजाफा होने लगा है। इसके साथ ही डेंगू के मरीज बढ़ने की संभावना प्रबल होती जा रही है, क्योंकि इस समय होने वाली बारिश के पानी में मच्छरों की तादाद अधिक बढ़ती है और सितंबर के आसपास डेंगू के मरीजों में अच्छी खासी बढ़ोतरी होती है।
जिले में फिलहाल डेंगू का कोई मरीज सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पिछले 15 दिन में 181 डेंगू आशंकित मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इन मरीजों के सैंपलों की जांच स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की जा चुकी है। जिनमें एक भी मरीज डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सैंपल लेने के लिए 5 किट फील्ड में दी गई हैं। विभाग की टीमों की तरफ से सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
विभाग की तरफ से मलेरिया के लिए भी बुखार के हर मरीज की स्लाइड बनाई जा रही है। इस बार केवल एक मरीज अप्रैल में मलेरिया पॉजिटिव पाया गया था। जिसके बाद से कोई भी मरीज मलेरिया पॉजिटिव नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नगर परिषद, नगर पालिका व ग्राम पंचायतों को फॉगिंग के लिए पत्र लिखा गया है।
झज्जर में शुरू हुआ फॉगिंग का कार्य
झज्जर नगर परिषद की तरफ से शहर में फॉगिंग का कार्य शुरू करवा दिया गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में नगर परिषद के कर्मचारी मशीन लेकर फॉगिंग कर रहे हैं। यह कार्य अब निरंतर रूप से चलेगा।
वर्जन
इस समय लोगों को डेंगू और मलेरिया से सावधान रहने की आवश्यकता है। अपने घरों के आसपास पानी न भरने दें और पानी भरा हुआ है भी तो उसमें कोई भी खराब तेल डाल दें, ताकि मच्छर का लारवा पैदा न हो सके।
- डॉ. रणवीर सिंह, नोडल अधिकारी, मलेरिया, झज्जर।