केंद्र की नौकरियों में जाटों को आरक्षण देने की मांग को लेकर हरियाणा के जाटों ने दिल्ली कूच की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आरक्षण देने के लिए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर के गठन पर भी जाट सहमत नहीं हैं।
इस वजह से 13 सितंबर के प्रदर्शन के लिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक दी है। धरने पर हरियाणा समेत कई प्रदेशों से लोग पहुंचेंगे। हरियाणा के जाट प्रतिनिधियों ने सात टीमों का गठन करके दूसरे राज्यों में भेजा है।
बुधवार को दो टीमों ने पश्चिम उत्तरप्रदेश के उन गांवों का दौरा किया है, जहां जाटों की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं, दो टीमों ने कालेजों ओर विश्वविद्यालय का दौरा करके उन्हें धरने पर पहुंचने के लिए कहा है।
प्रचार में झोंकी ताकत
सर्वजाट खाप पंचायत भारत के संयोजक नफे सिंह ने कहा कि धरने के प्रचार प्रसार के लिए 50 हजार पोस्टर, दो हजार होर्डिंग मुख्य-मुख्य स्थानों पर लगाए गए हैं।
इसके अलावा एक लाख मोबाइल एसएमएस भेजे हैं। फेसबुक के माध्यम से भी जाटों को अपने हक के लिए दिल्ली पहुंचने को कहा जा रहा है।
जाटों के मुताबिक प्रदेश में 110 खापें हैं। खाप से कम से पांच छह हजार लोग दिल्ली पहुंचेंगे। एक गांव से एक बड़ी और दो छोटी गाड़ी 13 सितंबर की सुबह धरनास्थल के लिए रवाना होगी।
धरनास्थल की तैयारियों के लिए दिल्ली पहुंचे
धरनास्थल की तैयारियों को लेकर कुछ जाट चौधरी पिछले दो दिन से दिल्ली में डेरा डाल चुके हैं। इसको लेकर सर्वजाट सर्वखाप आरक्षण समिति ने कमान संभाली हुई है।
मंगलवार रात को दिल्ली में धरनास्थल की तैयारी करने के बाद जींद पहुंचे समिति प्रवक्ता सूबे सिंह सैमाण ने बताया कि दिल्ली में धरना स्थल पर स्टेज लगेगा।
इसको लेकर पूरा खाका मंगलवार को तैयार कर लिया गया है। स्टेज पर एक खाप से एक चौधरी बैठेगा। एक वक्ता को बोलने के लिए दो मिनट का समय दिया जाएगा।
जीएमओ का गठन एक धोखा : नफे सिंह
हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जाटों को आरक्षण देने के लिए गठित किए गए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर से जाट कतई सहमत नहीं हैं।
जाटों ने कहा कि ग्रुप ऑफ मिनिस्टर में एक ऐसे मंत्री को शामिल किया गया है, जो जाटों को आरक्षण देने के लिए कभी भी सहमत नहीं हो सकता है।
सर्वजाट खाप पंचायत भारत के संयोजक नफे सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नीयत जाटों को आरक्षण देने के लिए ठीक नहीं है। केंद्र सरकार कुटिल चालें चलकर अब जीएमओ गठित कर रही है।
अब लोकसभा के चुनाव सिर पर हैं तो जीएमओ का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो जाटों को आरक्षण देगा, वोट जाट उसी को देंगे।
दाड़न खाप से होगी अहम भागीदारी
दिल्ली धरने में दाड़न खाप के गांवों से काफी संख्या में जाट बिरदारी के लोग पहुंचेंगे। दाड़न खाप के उप प्रधान आजाद पालवां ने पत्रकारों सेे बातचीत में कहा कि खाप के सभी गांवों के दौरे कर जाट बिरदारी के लोगों को अपने हकों के लिए दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।
दहिया खाप लेगी आक्रोश रैली में हिस्सा : सुरेंद्र
दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र दहिया (बाणिया) ने कहा कि जंतर-मंतर दिल्ली पर 13 सितंबर को होने वाली आक्रोश रैली में दहिया खाप से हजारों व्यक्ति हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि जाट आरक्षण आंदोलन में शहीद हुए सुनील श्योराण की तीसरी पुण्यतिथि पर जाट आरक्षण आक्रोश रैली करने का फैसला लिया गया है। केंद्र में ओबीसी में आरक्षण के लिए आर पार की लड़ाई लड़ने का निश्चय किया गया है।
दिल्ली धरने से कुछ नहीं मिलेगा : छौत
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल छौत ने कहा कि 13 सितंबर को जाट सुनील श्योराण की बरसी पर मयैड़ में एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
दोपहर को जींद की जाट धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते छौत ने कहा कि केंद्र में आरक्षण को लेकर नफे सिंह नैन जाटों को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली धरने से जाटों को कुछ नहीं मिलने वाला है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में जाटों को जो दस प्रतिशत आरक्षण देने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, वह केवल झूठ का पुलिंदा है। अगर सरकार जाटों को सही मायने में आरक्षण देना चाहती है तो अधिसूचना को अधिनियम बनाएं।