वह दिन दूर नहीं, जब गुड़गांव की धरती पर इंटरनेशनल क्रिकेटर अपना जौहर दिखाएंगे। इस सपने को साकार करने के लिए जल्द ही जिले में विश्वस्तरीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन ने इस दिशा में अपना पहला कदम बढ़ा दिया है। गुड़गांव-झज्जर रोड पर एसोसिएशन ने 25 एकड़ की जमीन चिह्नित की है। जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।
कॉरपोरेट कल्चर के मामले में गुड़गांव पहले से ही विश्व पटल पर छाया हुआ है। अब क्रिकेट की वजह से भी वह दुनिया भर में जाना जाएगा। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ओपी तनेजा ने बताया कि तकरीबन एक वर्ष से इंटरनेशनल स्टैंडर्ड स्टेडियम के लिए जमीन की तलाश की जा रही थी, अब जाकर सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि जमीन का पूरा नक्शा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को भेज दिया गया है। जल्द ही उसकी टीम यहां का दौरा करेगी।
ओपी तनेजा ने बताया कि हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव अनिरुद्ध चौधरी के साथ जल्द ही इस मुद्दे पर बैठक होगी। स्टेडियम का निर्माण बीसीसीआई के सहयोग से होगा। अनिरुद्ध चौधरी बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष भी हैं।
स्टेडियम के निर्माण में कितना खर्च आएगा, इसका एस्टीमेट बैठक में तय किया जाएगा। स्टेडियम में तकरीबन 40 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। स्टेडियम में वह सभी प्रकार की सुविधाएं होंगी, जो इंग्लैंड के लॉर्ड्स स्टेडियम में है।