हरियाणा के जिला सिरसा में किसानों को सब्सिडी पर दिए जाने वाले गेहूं के बीज के खुले बाजार में ब्लैक में बेचे जाने के खुलासे के बाद वीरवार को कृषि विभाग ने रंगड़ी रोड पर खेत में बने एक गोदाम से 400 बोरी यूरिया खाद पकड़ी है।
भारी मात्रा में खाद पकड़े जाने के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है। जिला उपायुक्त डॉ. जे गणेशन ने जांच के आदेश दिए हैं।
बुधवार देर शाम कृषि विभाग को सूचना मिली कि रंगड़ी रोड पर एक खेत में बने गोदाम में खाद का अवैध भंडारण किया गया है।
कृषि विभाग के सब डिवीजन एसडीओ सुखदेव सिंह, जिला क्वालिटी कंट्रोल अधिकारी सुभाष चंद्र ने मौके पर पहुंच कर गोदाम सील कर दिया।
वीरवार सुबह दोनाें अधिकारियों ने गोदाम में पहुंचकर गोदाम के मालिक राजेंद्र कुमार उर्फ टीटू चावला की मौजूदगी में गोदाम की सील खोली।
गोदाम में 400 बैग उत्तम यूरिया के भरे हुए थे। राजेंद्र चावला ने बताया कि उसने उक्त खाद अनाजमंडी की 33 नंबर दुकान रवि कुमार एंड कंपनी से खरीदी है।
खाद के बैग उसने सीधे रेलवे स्टेशन से उठवाए हैं। उपायुक्त डॉ. जे गणेशन कृषि विभाग से खाद की डिटेल मांगी है कि किसको खाद के कितनी बैग दिए गए हैं।
इससे पहले बुधवार को दो ट्रक गेहूं का बीज आईटीआई कॉलेज के नजदीक एक प्राइवेट गोदाम से बरामद हुआ था।
इन दोनों ट्रकों को सरकारी गोदाम से बुधवार सुबह अबूब शहर और डिंग मंडी के लिए रवाना किया गया था।
गेहूं के बीज जिस गोदाम से मिले थे, यह खाद गोदाम भी उन्हीं चावला बंधुआें का है। राजेंद्र चावला उर्फ टीटू और सुनील चावला उर्फ टोनी इन दोनों गोदामाें के मालिक हैं।
इनकी अनाज मंडी में चावला ट्रेडिंग कंपनी के नाम से 23 नंबर दुकान है।