फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मॉडल टाउन एरिया में दिनदहाड़े मकान में घुसकर युवक की हत्या

विज्ञापन
वारदात स्थल पर मौजूद एसपी बलवान सिंह राणा, एएसपी उपासना, डीसएपी जोगिंद्र शर्मा व अन्य पुलिस बल। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। शहर के मॉडल टाउन एक्सटेंशन क्षेत्र में शुक्रवार को करीब 35 वर्षीय एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी, डीएसपी सहित अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के ममेरे भाई के बयान पर केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी 35 वर्षीय विपुल, उसका ममेरा भाई सिरसा के सेक्टर-20 निवासी निर्दोष शर्मा, विपुल के मकान से जागृति स्कूल के पास बने नए मकान में जा रहे थे। इस दौरान विपुल पर एक नकाबपोश युवक ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस को दिए बयान में निर्दोष शर्मा ने बताया कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए विपुल के पास हिसार आया था। वीरवार रात वह और विपुल मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित विपुल के नए मकान में सो गए। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब विपुल के अन्य मकान से खाना खाकर जागृति स्कूल के नजदीक स्थित नए मकान में वह, विपुल व विपुल के भाई की पत्नी पूजा पहुंचे तो यहां पहले से ही एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधे खड़ा था। निर्दोष ने बताया कि इस युवक ने आते ही उसे धक्का देते हुए विपुल पर चाकू से उसके माथे व पेट पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। निर्दोष ने बताया कि युवक पैदल ही आया था। इसके बाद विपुल को उसने घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जिसका शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
माता-पिता हैं शिक्षक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक विपुल के माता-पिता सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं। निर्दोष के पिता अशोक शर्मा फतेहाबाद पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। सूचना मिलते ही एसपी बलवान सिंह राणा, एएसपी उपासना, डीएसपी जोगिंद्र शर्मा, अर्बन एस्टेट थाना पुलिस, एवीटी टीम और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से तथ्य जुटाए। इस दौरान टीम ने मौके से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
विज्ञापन

अदालत में चल रहा था तलाक का केस
पुलिस के अनुसार मृतक विपुल नोयडा में एक बाइक एजेंसी में नौकरी करता था। लॉकडाउन के दौरान उसकी नौकरी छूट गई। विपुल का तलाक का केस भी अदालत में चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले में हर एंगल से जांच में जुटी है। पुलिस ने मौका स्थल पर लगे सीसीटीवी भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात स्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है।
इतनी आसानी से कैसे फरार हो गया आरोपी
विपुल का शव मकान के बरामदे में मिला है। इसके अलावा उसके शव के पास एक रस्सी भी मिली है, जो कि उनके पालतू कुत्ते की बताई जा रही है। ऐसे में सवाल यह भी है कि वारदात के दौरान एक युवक ने तीन लोगों के होते हुए भी विपुल पर कैसे मकान के बरामदे में हमला कर दिया और आसानी से वहां से फरार भी हो गया। इस दौरान अगर वह रस्सीे पालतू कुत्ते की थी तो साफ जाहिर है कि कुत्ता उस दौरान खुला हुआ होगा तो क्या कुत्ते ने आरोपी पर हमला क्यों नहीं किया।
कमरे से निकला था नकाबपोश
सूत्रों के अनुसार निर्दोष ने पुलिस को ये भी बताया कि जब वह विपुल के दूसरे मकान से विपुल व उसकी भाभी पूूूजा के साथ यहां आया तो यहां मकान के एक कमरे में कुछ खड़का सुनाई दिया। जब किसी ने उस कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो विपुल व निर्दोष ने पुलिस बुलाने की बात कही। इस पर नकाबपोश और सिर पर टोपी पहने करीब 6 फुट लंबा व पतला एक युवक कमरे से बाहर निकला। निर्दोष ने बताया कि उन्होंने उस युवक को बैठा लिया और पूछताछ कर रहे रहे थे कि इसी बीच युवक ने मकान में ही बनी रसोई में से चाकू निकालकर विपुल पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुत्ते को पहले से ही मकान के बाहर बांध रखा था। बताया जा रहा है कि मृतक विपुल का अपने किरायेदार से किसी बात पर विवाद चल रहा था। इसके अलावा चार वर्ष से इसका कोर्ट में तलाक का केस भी चल रहा था। मृतक विपुल की पत्नी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में एएनएम को पढ़ाने का कार्य करती है। विपुल की माता मुकलान के सरकारी स्कूल में व पिता जेवरा के सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं।
आरोपी गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
विपुल के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा, फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक के ममेरे भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीआईए, एवीटी और थाने की पुलिस जुट गई है।
विज्ञापन

- बलवान सिंह राणा, एसपी, हिसार।

वारदात स्थल पर जांच करते एसपी बलवान सिंह राणा, एएसपी उपासना व अन्य पुलिस कर्मी। - फोटो : Hisar

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें