हिसार। मेयर ने बिना अनुमति सरकारी आवास की चहारदीवारी आगे बढ़ा ली। मामला जब निगम अधिकारियों के संज्ञान में आया तो तुरंत कार्रवाई करते हुए इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया। उधर, मेयर का तर्क है कि उन्होंने इसे लेकर निगम प्रशासन को लिखित रूप में अवगत करवाया था।
बता दें कि मेयर को बरवाला चुंगी के पास सरकारी आवास मिला हुआ है। यह आवास करीब दो हजार वर्ग गज एरिया में बना हुआ है। मेयर इस सरकारी आवास को अपने कैंप कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। मेयर के सरकारी आवास के साथ ही निगम का एक अन्य क्वार्टर भी है। यह क्वार्टर निगम के कार्यकारी अधिकारी के लिए बनाया गया था। इसका एरिया करीब 400 वर्ग गज है। काफी समय से यह आवास खाली पड़ा था। अन्य जिले से यहां ट्रांसफर होकर आए निगम के एक बड़े अधिकारी को यह आवास अलॉट कर दिया गया। पिछले दिनों उक्त अधिकारी एक अन्य अधिकारी को साथ लेकर उस आवास को देखने पहुंचे। जैसे ही वह आवास के गेट पर लगा ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो वहां किसी तरह का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस पर उक्त अधिकारियों ने इस बारे में उच्च अधिकारी को अवगत करवाया।
ठेकेदार ने बिना टेंडर बना दी चहारदीवारी
दरअसल पिछले कुछ दिनों से बरवाला रोड स्थित दमकल केंद्र की चहारदीवारी को पीछे करने का काम चल रहा है। इसे लेकर निगम की प्रशासन की तरफ से टेंडर किया गया है। इसके बाद दमकल कार्यालय का जितना एरिया घटेगा, उसे मेयर के सरकारी आवास में जोड़ दिया जाएगा। मगर उक्त ठेकेदार ने मेयर के आवास के साथ लगते क्वार्टर की चहारदीवारी को भी पीछे कर दिया, जबकि यह कार्य उसके टेंडर में नहीं था। मतलब इस कार्य की निगम प्रशासन से कोई अनुमति ही नहीं ली गई थी।
दमकल विभाग भी जता रहा आपत्ति
चूंकि निगम प्रशासन दमकल केंद्र की जिस तरफ की चहारदीवारी को पीछे रहा है, वहां दमकल की गाड़ियों के लिए शेड बना हुआ है। नाम न छापने की शर्त पर एक दमकल कर्मचारी ने बताया कि शेड के छोटा होने से उनकी गाड़ियों को धूप में खड़ा करना पड़ेगा। निगम के इस कदम से दमकल कर्मचारियों में काफी रोष है, लेकिन वह खुलकर इसका विरोध नहीं कर रहे हैं।
मेरे स्टाफ के बैठने के लिए जगह नहीं है, इसलिए साथ लगते क्वार्टर को मेरे ही आवास में शामिल करने को लेकर मैंने निगमायुक्त को पत्र दिया था। इससे पहले मैंने मौखिक रूप से भी उन्हें इस बारे में अवगत करवाया था। अब सिर्फ साथ लगते क्वार्टर की चहारदीवारी में एक गेट का निर्माण करवाया गया है। निगम ने इंजीनियरिंग विंग को कारण बताओ नोटिस किस आधार पर दिया है, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। - गौतम सरदाना, मेयर