हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। हिसार में रविवार को दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर से 19 व 20 फरवरी को जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसे अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी मिलेगी। इसके प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी होगी।
साथ ही मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों की भी संभावना है। हरियाणा राज्य में 19 व 20 फरवरी को पंजाब से सटे जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला पर इसका अधिक असर देखने को मिलेगा। वहीं पानीपत, रोहतक व झज्जर पर हल्का असर होगा। इसके अलावा भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद व पलवल में सिर्फ सीमित स्थानों पर बिखराव वाली बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 19 व 20 फरवरी को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 21 फरवरी और 25 फरवरी को भी दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से संपूर्ण इलाके में बादलवाही देखने को मिलेगी।
रात का तापमान अभी भी सामान्य से नीचे
शहर में सुबह मौसम साफ रहा। दिन के समय तेज धूप का सामना करना पड़ा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ हल्के बादल छाने लगे। दिन ढलने के बाद मौसम में थोड़ी ठंडक हुई। दिन का तापमान 3.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं रात का तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। हालांकि शनिवार के मुकाबले रविवार को न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।