हांसी गांव रामायण के ग्रामीण जमीन पर कार्ड व कट्टे रख कर प्रदर्शन करते हुए।
हांसी। डिपो पर कम आपूर्ति आने से लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। इससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। रामायण गांव के 50 से ज्यादा परिवारों को दो माह से राशन नहीं मिला है। लोगों ने राशन नहीं मिलने पर शनिवार को राशन डिपो के बाहर खाली कट्टे व राशन कार्ड जमीन पर रख कर प्रदर्शन किया।
बता दें कि बुधवार को भी गांव में प्रदर्शन किया गया था। लोगों का कहना है कि वह दो माह से डिपो के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार राशन न आने व कभी खत्म होने की बात कह कर उन्हें वापस भेज दिया जाता है। डिपो होल्डर की ओर से कहा जाता है कि मशीन नहीं चल रही या अंगूठे का मिलान नहीं हो रहा है। ग्रामीण धूप सिंह, सीताराम, जयबीर, लाला, सरोज व भतेरी ने बताया कि उनके गांव में 313 के करीब बीपीएल परिवारों को डिपो से राशन दिया जाता है। दो माह से सरकार की ओर से गेंहू व बाजरे की सप्लाई में कटौती किए जाने से लगभग 50 से अधिक परिवारों को राशन नहीं मिला है। बिना राशन लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके गांव का डिपो होल्डर उनको राशन नहीं देता है।