हिसार। मंगाली के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12 से 14 साल तक के बच्चों के टीकाकरण के दौरान आठवीं कक्षा के छात्र के परिजनों ने स्कूल में हंगामा कर दिया। स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया, सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में शिक्षिका गीता देवी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिक्षिका गीता देवी का कहना है कि गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल ने मौखिक रूप से सूचित किया कि 21 मार्च को स्कूल में 12 से 14 साल तक के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। सूचना के आधार पर छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों के मोबाइल पर टीकाकरण का संदेश भेजा। जिसने टीकाकरण के लिए हामी भरी उनको टीके लगाए गए। टीकाकरण के दौरान आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र को भी टीका लगाया गया। उसके बाद वह घर चला गया। उसकी तबीयत ठीक थी। कुछ देर बाद उसकी मां स्कूल आई और हंगाम कर दिया। कुछ देर बाद छात्र का पिता सुंदर आया और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। जांच अधिकारी अनीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।