हिसार। हिसार साइबर थाना पुलिस ने टेलीग्राम टास्क वर्क के नाम पर निवेश का लालच देकर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के जिला झालावाड़ के गांव दुलाड़ा के रहने वाले दो आरोपियों सोनू मीणा और सुरेश मीणा को गिरफ्तार किया है।
जांच अधिकारी कपिल ने बताया कि 30 जुलाई को एनसीसीआरपी पोर्टल से एक शिकायत थाना साइबर हिसार में प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें 24 जुलाई को एक व्हाट्सएप नंबर से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड में एचआर असिस्टेंट बनकर मैसेज मिला। इसमें घर बैठे 5 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिदिन कमाने का प्रलोभन दिया गया। पहले छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर 180 रुपये का भुगतान किया गया और बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर विभिन्न टेलीग्राम लिंक के माध्यम से निवेश कराए गए। धीरे-धीरे शिकायतकर्ता से लगभग 8 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए ठग लिए गए।
पुलिस ने दी गई शिकायत पर थाना साइबर हिसार में धाराओं के तहत अभियोग किया। बैंक लेन-देन और साइबर ट्रेल की गहन जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर उपरोक्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुरेश मीणा के आईसीआईसीआई बैंक खाते में 4 लाख रुपये आने का खुलासा हुआ। आरोपी सोनू मीणा ने यह बैंक खाता कमीशन पर गिरोह को उपलब्ध कराया था। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।