हांसी। जाट धर्मशाला के सामने 60 वर्ष पुराने रेस्ट हाउस की अब काया पलट होने वाली है। विश्राम गृह में जहां डीएसपी का कार्यालय है, वहां पर तीन मंजिला भवन बनने जा रहा है। इसमें 18 कमरों के साथ लिफ्ट भी लगाई जाएगी। यह जानकारी विधायक विनोद भयाना ने चंडीगढ़ से आने के बाद पत्रकार वार्ता में दी।
विधायक ने कहा कि काफी दिनों से मांग चली आ रही थी कि रेस्ट हाउस काफी पुराना हो चुका है, इसकी सूरत को बदला जाए। विधायक ने कहा कि इसके लिए वह स्वयं मुख्यमंत्री से मिले थे। उन्होंने इसके लिए 6 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की थी। अब विभाग ने इसका टेंडर करवा दिया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विधायक ने बताया कि लघु सचिवालय पर तीसरी मंजिल, एसडीएम व तहसीलदार के आवास का निर्माण, शहर के अंदर से निकलने वाला फोरलेन सहित अन्य विकास कार्यों का जल्द टेंडर करवाया जाएगा। वहीं, एसडीएम डॉ. जितेंद्र अहलावत को नई गाड़ी मिली, विधायक ने नारियल फोड़कर इसे एसडीएम को सौंपा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अशोक ढालिया, हरेंद्र यादव, कमल किशोर शास्त्री मौजूद रहे।