नारनौंद। राखी खास के कबड्डी खिलाड़ी की ईंटों से हमला कर हत्या करने के आरोप में नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान मोहित व पंकज उर्फ लटेरा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को सोमवार अदालत में पेश किया, जहां से दो आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड भेजा गया है। वहीं, नाबालिग को बाल सुधार गृह में भेज दिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में सुराग लगाने का प्रयास किया जाएगा।
बता दें कि राखी खास निवासी 21 वर्षीय अंकित राखी शाहपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कबड्डी खेलने जाता था। 11 अप्रैल शाम करीब 3 बजे वह खेलने स्कूल में पहुंचा तो वहां पर विकास, योगेश, सचिन, मोहित, आशीष, मोहित चाइनीज, अभिषेक, संजू, अमित, पंकज लटेरा, रवि, अन्ना व 10 अन्य ने उसे लात घूसों से पीटा था। विकास, सचिन, योगेश, आशिष ने अंकित से कहा था कि तुम अपने गांव राखी खास की टीम में न खेलकर राखी शाहपुर की टीम में क्यों खेलता है। आवेश में आकर विकास व सचिन ने उसके सिर में ईंट मारकर उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया। 14 दिन हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बाद में हत्या की धारा जोड़ दी थी।