हिसार। शहर में मार्बल व्यापारी के घर हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए सीआईए पुलिस को अहम कड़ी हाथ लगी है। सीआईए को पता चला है कि मध्यप्रदेश राज्य के गुना का चोर गिरोह हिसार में आकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा है। इसका खुलासा तब हुआ जब सीआईए इन चोरी की वारदात को सुलझा रही थी। अब सीआईए पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गई है।
सीआईए को मार्बल व्यापारी के घर पर हुई चोरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। उन्हीं में से दो आरोपियों की पहचान हुई। यह दोनों चोर मध्यप्रदेश के गुना के रहने वाले हैं। सीआईए का कहना कि जल्द आरोपियों को पकड़ेगी और चोर गिरोह को सामने लाएगी।
बता दें कि शहर में 7 अगस्त की देर रात को दिल्ली रोड स्थित मार्बल व्यापारी सतीश अग्रवाल के घर में चोर गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घर में सभी लोग सोए हुए थे। करीब डेढ़ घंटे चोर घर में रहे और घरवालों को पता तक नहीं चला। जब मकान के लोगों ने सुबह उठकर देखा तो घर में करीब हर कमरे में रखा सामान बिखरा मिला तो चोरी का अंदेशा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। चोर मकाने से आभूषण और लाखों की नकदी लेकर चले गए। मकान से 50 तोला सोने के आभूषण, तीन किलो चांदी के आभूषण और करीब सात लाख रुपये गायब मिले।