हिसार। लोकल रूटों पर दौड़ने वाली 80 रोडवेज बसों के समय में जल्द बदलाव किया जाएगा। साथ ही जिन ग्रामीण एरिया में बसें कम चल रही हैं, वहां संख्या बढ़ाई जाएगी। इसको लेकर रोडवेज ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल और कार्यकारी यातायात प्रबंधक अनिल चोपड़ा ने ट्रैफिक ब्रांच के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के बाद ट्रैफिक ब्रांच और डीआई सेक्शन की ओर से प्लानिंग शुरू कर दी गई है। बसों के समय में बदलाव से जहां एक ओर ग्रामीण रूटों पर विद्यार्थियों और यात्रियों को परेशानी नहीं होगी, वहीं बसों की संख्या बढ़ाने के बाद रोडवेज की रिस्पिट भी बढ़ेगी। बसों की नए सिरे से समय सारिणी बनाने और डाटा फीड करने में 15 दिन का समय लग जाएगा।
बसों के लिए कई बार विद्यार्थी कर चुके प्रदर्शन
सबसे ज्यादा ग्रामीण रूटों पर विद्यार्थियों और यात्रियों को परेशानी आ रही हैं। ग्रामीण रूटों पर बसों की कमी होने के कारण कई बार विद्यार्थी बसों को रोककर प्रदर्शन कर चुके हैं। यहां तक कि कई बार विद्यार्थियों ने बसों की मांग को लेकर रोड भी जाम किया। मगर अब ग्रामीण रूटों पर बसों की कोई कमी नहीं रहेगी। वहीं ट्रैफिक ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार लंबे रूटों पर बसों की कोई समस्या नहीं है।
ट्रैफिक ब्रांच की ओर से तैयार की जाएगी रिपोर्ट
वर्तमान में किन-किन रूटों पर कितनी बसें चल रही है। इसको लेकर ट्रैफिक ब्रांच की ओर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि किन रूटों पर बसें बढ़ाने की जरूरत हैं। इसके बाद उन रूटों पर बसें चलाने के लिए नए सिरे से समय सारिणी तैयारी होगी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले कुलेरी से किरमारा, कनोह, हिसार से उकलाना वाया अग्रोहा, हिसार से भूना रूट पर बसों की सुविधा नहीं मिलने पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया था।
ग्रामीण रूटों पर चलने वाली 80 रोडवेज बसों के समय में बदलाव किया जाएगा। बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों व यात्रियों को बसों की समस्या से जूझना न पड़े। इसको लेकर हमारी ओर से प्लानिंग की जा रही है। - जगदीश सैनी, ट्रैफिक इंचार्ज, रोडवेज