हांसी। क्षेत्र के बीड़ फार्म गांव स्थित डंपिंग स्टेशन शिफ्ट कराने की मांग को लेकर कचरा हटाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियोें का 22 दिनों से चल रहा धरना विधायक विनोद भयाना के आश्वासन पर समाप्त हो गया।
इस अवसर पर समाजसेवी मदन मोहन सेठी, कचरा हटाओ संघर्ष समिति के कई पदाधिकारी तथा बीड़ फार्म सहित आसपड़ोस के गांवों के व्यक्ति मौजूद रहे। भयाना ने धरनारत लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें समझाया कि डंपिंग स्टेशन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया राज्य सरकार की ओर से शुरू की जा चुकी है। इसे पूरा होने में लगभग एक से डेढ़ माह का समय लगेगा। इस डंपिंग स्टेशन को आबादी से दूर नहर के साथ लगती कृषि विभाग की 17 एकड़ जमीन पर शिफ्ट करवाया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि अब डंपिंग स्टेशन को शिफ्ट करवाने के लिए कैबिनेट बैठक प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। जल्दी ही इस कार्य को पूर्ण करवा दिया जाएगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बीड़ फार्म स्थित डंपिंग स्टेशन पर आज से ही कूड़ा करकट डालना बंद करवा दिया जाएगा। जब तक डंपिंग स्टेशन के शिफ्टिंग का कार्य पूरा नहीं हो जाता तब तक कूड़ा करकट को अन्यत्र स्थल पर डालने के लिए व्यवस्था करवाई जाएगी।