शहर थाना पुलिस के साथ कार्रवाई करती टीम।
- फोटो : Hisar
हिसार। स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क्स प्रा. लि. कंपनी के चंडीगढ़ से फील्ड ऑफिसर राजेंद्र कुमार ने शहर थाना पुलिस को साथ लेकर बुधवार शाम करीब चार बजे सुशीला भवन रोड पर दो दुकानों में छापा मारा। इस दौरान टीम ने वहां से नकली मार्का लगे 6 पंप बरामद किए। एक पंप की कीमत तीन हजार रुपये है। मामले के संबंध में शहर थाना पुलिस ने फील्ड ऑफिसर की शिकायत पर कॉपी राइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी नोएडा स्थित ऑथराइज कंपनी मैस. उजाला एलडेके उपोपा की तरफ से उन्होंने साथियों सहित हिसार मार्केट का सर्वे किया था। उस दौरान उन्हें पता चला कि सुशीला भवन रोड स्थित मैस. जयभारत मशिनरी स्टोर के मालिक संदीप और मैस. सिंगला ट्रेडिंग कंपनी के मालिक अजय सिंगला व उमंग सिंगला उनकी कंपनी के नाम से नकली मोनो ब्लॉक पंप बेचते हैं। उन्होंने मंगलवार को हिसार एसपी को शिकायत दी थी। बुधवार को इन दुकानों पर छापा मारा गया। उल्लेखनीय है कि हिसार में कॉपीराइट के कई मामले सामने आ चुके हैं।