सिरसा। कोविड के चलते निदेशालय द्वारा छठी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को किताबें नहीं दी गई थी। जिसके चलते जिला स्तर पर अक्तूबर माह में टेंडर करवा विद्यार्थियों को किताबें देने का फैसला लिया गया था। जनवरी 2022 के पहले सप्ताह में विद्यार्थियों को किताबें मिलने की उम्मीद है। साथ ही पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को निदेशालय की ओर से स्कूली ड्रेस के पैसे भी खातों में डाले जाएंगे।
पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों निदेशालय की ओर से निशुल्क पुस्तकें दी जाती है। लेकिन कोविड के दौरान अगस्त माह के बाद शुरू हुए स्कूलों में विद्यार्थियों के पास पढ़ने के लिए किताबों का अभाव था। ऐसे में निदेशालय द्वारा जिला स्तर पर छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए किताबें छपाने का फैसला लिया गया। अब टेंडर कंपनी द्वारा छपाई कार्य पूरा करवा लिया गया है।
विद्यार्थियों के खाते में पहुंचेेगी ड्रेस व किताबों की राशि
पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को ड्रेस की राशि उनके खातों में आने की उम्मीद है। जिसमें पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 800 रुपये व छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को 1000 रुपये की राशि स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए खातों में निदेशालय द्वारा डाली जाएंगी। साथ ही पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 300 और 400 रुपये किताबों के लिए भी दी जाएंगी।
टेंडर कंपनी द्वारा किताबों की छपाई का कार्य पूरा कर लिया है। जल्द ही विद्यार्थियों को किताबें मिल जाएंगी।
-आत्म प्रकाश, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सिरसा।