सिरसा। शहर में ट्रैफिक का बोझ कम करने के लिए प्रशासन ने नया विकास प्लान तैयार किया है। नया बाईपास बनाने को लेकर अधिकारियों ने मंथन शुरू कर दिया है। जिला नगर योजनाकार विभाग ने योजना बनाकर सरकार के पास भेज दी है। अब सरकार फैसला लेगी। वर्ष 2041 की आबादी और वाहनों की संभावित संख्या को देखते हुए विकास प्लान बनाया गया है। इसके तहत जिला में 6 नए सेक्टर भी बनाए जाने का प्रस्ताव है।
जिला नगर योजनाकार विभाग ने 2041 के डेवलपमेंट प्लान में एक और योजना शामिल की है। योजना है कि 200 फुट चौड़ा नया बाईपास बनाया जाए। ताकि शहर पर वाहनों का बोझ कम किया जा सके। प्रावधान किया गया है कि 200 फुट रोड सिकंदरपुर से लेकर भंभूर तक बनेगा। ये बाईपास बाजेकां, कंगनपुर, बेगू, रंगड़ी, नटार होते हुए भंभूर की सड़क पर जाकर मिलेगा। इससे हिसार की ओर से आकर रानियां-ऐलनाबाद की ओर जाने वालों को शहर के बीच से नहीं गुजरना पड़ेगा। अभी शहर में वाहनों के कारण जाम की स्थिति होती है। पार्किंग के लिए भी पर्याप्त जगह बाजारों में ना होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आबादी बढ़ने की संभावना, इसलिए बन रहा प्लान
फिलहाल जिले की आबादी करीब 15 लाख है और आने वाले 20 सालों में इसके करीब 20-25 लाख होने की संभावना है। इतनी आबादी बढ़ने से जहां जिले को इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पड़ेगी। वहीं रिहायशी और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में अधिकारियों ने देखा कि आबादी बढ़ेगी और पुराने शहर पर बोझ बढ़ेगा। इसलिए एचएसवीपी को नए सेक्टर स्थापित करने की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए नगर योजनाकार विभाग ने सरकार को सलाह दी है कि शहर में नए सेक्टर बनाने की जरूरत पड़ेगी। इसलिए शहर में सेक्टर-21, 22, 23, 24, 25 और 26 तक बनाए जा सकते हैं। इसके लिए जगह की तलाश भी जल्द शुरू होगी। अपनी संभावनाओं में विभाग ने चत्तरगढ़पट्टी का खाली पड़ा एरिया, नेजाडेला कलां के आसपास का एरिया और अन्य आसपास के एरिया का सर्वे करने का मन बनाया है। अब फिलहाल शहर में सेक्टर-19 और 20 स्थापित हैं। हालांकि सेक्टर-20 पूरी तरह बस चुका है जबकि सेक्टर-19 अभी पूरी तरह आबाद नहीं हो पाया है।