रोडवेज जीएम कार्यालय में बस की मांग को लेकर आए गांव दाहिमा के छात्र-छात्राएं।
हिसार। गांव दाहिमा के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जन संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल को ज्ञापन सौंपकर गांव तक बस सेवा शुरू करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि रोडवेज बस गांव लाडवा-भोजराज तक जाकर वापस लौट आती है जबकि दाहिमा तक नहीं आती। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए हिसार आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी हिसार के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने के लिए जाते हैं। बस सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें लाडवा या भोजराज तक जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि रास्ते में शराब का ठेका पड़ता है, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इससे छात्राओं को असुरक्षा महसूस होती है और पहले भी कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है।
गांव निवासी छात्र संगठन के सदस्य विक्की धानिया, विकास, दीपक पासवान, मोहित, वीरेंद्र, प्रिया, निशा, अंशु, रितू और पायल ने किसान सभा के पदाधिकारी सुरेंद्र मान तथा महिला समिति की सदस्य बबली के नेतृत्व में जीएम से मुलाकात की। छात्रों ने बताया कि 15 जून को भी इसी मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया था, तब भी 10 दिन में बस सेवा शुरू करने का आश्वासन मिला था। इस बार भी जीएम ने 10 दिन के भीतर बस सेवा शुरू कराने का भरोसा दिलाया है। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में बस नहीं चली तो जीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।