हिसार। नए शैक्षणिक सत्र की सुचारु शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को लघु सचिवालय परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, नामांकन अभियान और विद्यार्थियों के स्वागत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) प्रतीक्षा और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रामरत्न की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानाचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, शौचालय, फर्नीचर, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, मिड-डे मील योजना तथा अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सत्र के पहले दिन विद्यार्थियों को बेहतर और व्यवस्थित माहौल मिलना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों को समय की पाबंदी बरतने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में तय किया गया कि स्कूल खुलने के पहले दिन सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। कहीं कोई कमी मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। बैठक में डीपीसी विजेंद्र सिंह, बीईओ हिसार प्रथम अनीता, बीईओ हिसार द्वितीय राकेश चराया, अग्रोहा के विजेंद्र, जेई प्रवीण कुमार, संदेश, रोहताश, मीनाक्षी, जयभगवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।