मंडी आदमपुर। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ने लगी है। सब्जी मंडी की एक दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात करीब 40 हजार रुपये व मोबाइल फोन चुरा ले गए। पुलिस को दी शिकायत में नंद किशोर ने बताया कि उसकी सब्जी मंडी में रोशन किराना स्टोर के नाम से दुकान है। 27 जून की रात करीब साढ़े 8 बजे वह दुकान को मंगल कर घर गया था। अगली सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने फोन कर चोरी की सूचना दी। जब वह दुकान पर पहुंचा तो गल्ले में रखे 40 हजार रुपये और मोबाइल गायब मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, अनाज मंडी के पास स्थित किराना स्टोर का ताला तोड़कर 18 हजार रुपये चुरा लिए। गांव सदलपुर निवासी विनोद ने बताया कि उसकी न्यू गोदारा किराना स्टोर के नाम से दुकान है। 28 जून को सुबह करीब सवा 7 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर आधा खुला है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचा तो गल्ले में रखे 18 हजार रुपये चोरी मिले। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदात के विरोध में दुकानदारों में रोष है।