हांसी के गांव भाटला में अंबेडकर भवन में लगी बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को सोमवार रात असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। इसके बाद से गांव के एससी समाज के लोगों में रोष बना हुआ है। बाबा साहेब की प्रतिमा के एक हाथ को तोड़ा गया है। घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जब लोग निकले तो चौराहे पर लगी प्रतिमा का हाथ टूटा देखा। देर रात शरारती तत्वों ने प्रतिमा खंडित की होगी।
यह भी पढ़ें: Navjot Sidhu: इनायत रंधावा बनेंगी सिद्धू परिवार की बहू, नवजोत सिद्धू ने ट्विटर पर फोटो शेयर कर दी खुशखबरी
इस प्रतिमा का तीन महीने पहले विधायक विनोद भ्याना और एसडीएम डॉ. जितेन्द्र अहलावत ने अनावरण किया था। पिछले वर्ष सितंबर 2022 में भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया था। तब अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया था।
भाटला ग्राम पंचायत द्वारा यहां नए सिरे से प्रतिमा लगवाई गई, लेकिन अब इस नई प्रतिमा को भी खंडित कर दिया गया है। मामले में अधिवक्ता रजत कल्सन का कहना है कि अब इस प्रकरण में भी वे मामला दर्ज करवाएंगे और प्रशासन से मांग करेंगे कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।