भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड में सोमवार को गोवा की अदालत में परिवार वालों की तरफ से वकील पेश हुए। वकील ने अदालत से बहस के लिए दस दिन का समय मांगा है। सीबीआई ने अदालत में अपना जवाब रखा है। हत्या के मामले में आरोपी सुखविंदर को जमानत नहीं मिली, इस पर अब 27 अप्रैल को सुनवाई होगी।
सोनाली फोगाट हत्याकांड में गोवा पुलिस के बाद सीबीआई ने 22 नवंबर 2022 को आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंदर सिंह के खिलाफ चालान पेश किया था, जिसमें 104 गवाह बनाए हैं। चार्जशीट पेश करने के बाद सुखविंदर ने अपने अधिवक्ता सुखवंत के माध्यम से जमानत याचिका दायर की थी।
पिछली सुनवाई 16 फरवरी को हुई थी। अधिवक्ता सुखवंत ने बताया कि अदालत में सोनाली फोगाट के परिवार की तरफ से वकील पेश हुए थे। उन्हाेंने अदालत से दस दिन का समय मांगा है। अगली सुनवाई अब 27 अप्रैल को होगी।
गोवा में हुई थी मौत
सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 की रात को गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इससे पूर्व सोनाली फोगाट के पति संजय फोगाट की भी करीब साढ़े पांच साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सोनाली के परिवार का आरोप है कि सुधीर सांगवान, सोनाली की प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था, इसलिए उसने सुखविंदर के साथ मिलकर ड्रग्स देकर सोनाली की हत्या कर दी।
सोनाली की मौत की सूचना मिलने के बाद गोवा पहुंचे उसके भाई रिंकू ने गोवा पुलिस को शिकायत देकर सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम के दौरान सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान मिले।
सोनाली की मौत के बाद रिजॉर्ट के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए, जिनमें सुधीर सांगवान सोनाली को बोतल के जरिये कुछ पिलाता नजर आया और उसके बाद ही सोनाली की तबीयत बिगड़ गई थी।