हिसार। जिले में पिछले तीन से लगातार कोरोना के केस मिल रहे हैं। शुक्रवार को दो नए केस मिले। जिले में तीन दिन में कोरोना 7 केस आ चुके हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या 10 हो गई है। शुक्रवार को एक महिला और एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इन दोनों की ट्रैवल हिस्ट्री है। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के सैंपल ओमिक्रॉन की जांच के लिए भेजे हैं। उधर, लोग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। बाजारों से लेकर खेल मैदान तक भीड़ सामाजिक दूरी और मास्क के नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं। वहीं वैक्सीनेशन से दूरी बना रखी है।
विद्युत नगर निवासी 30 वर्षीय महिला 25 दिसंबर को यमुनानगर से हिसार आई थी। बुखार होने पर सैंपल करवाने पर कोरोना की पुष्टि हुई। दूसरा संक्रमित खेदड़ निवासी 33 वर्षीय युवक 29 दिसंबर को पटना से लौटा है। युवक में किसी भी तरह के लक्षण नहीं मिले थे। फिलहाल दोनों को को होम आइसोलेट रखा गया है। दोनों ही मरीजों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा रखी है। दोनों ही हालत ठीक है। वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. अरुण ने बताया कि जिले में 18 लाख 39 हजार 749 वैक्सीनेशन डोज दी गई। 1117413 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज और 7 22136 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली है।
जब तक जरूरी न हो, यात्रा से बचें। शुक्रवार को आए दोनों संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री है। घरों में रहकर नववर्ष मनाएं। - डॉ. सुभाष खतरेजा , जिला सर्विलांस अधिकारी एव आईडीएसपी इंचार्ज
डीसी ने किया निरीक्षण
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में वैक्सीनेशन शिविर का लिया जायजा। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीनेशन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लघु सचिवालय परिसर में भी वैक्सीन लगाई जा रही है। इस अवसर पर एएनएम मुकेश रानी, सहायक राम भतेरी, कॉलेज की छात्रा अकिंता उपस्थित थी।