हिसार। बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर वार्ड-8 स्थित न्यू राजीव नगर एक्सटेंशन व श्याम विहार के लोगों ने वीरवार को नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि बिना बुनियादी सुविधाओं के दोनों कॉलोनियों के लोगों को नरकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। मेयर गौतम सरदाना ने इन लोगों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही दोनों कॉलोनियों को मंजूर करवाकर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कॉलोनी निवासी अनिल कुंडू, रोहित, आशीष, ललित, सतपाल सैनी, आशा, नंदिनी, बबली, वीना, कांता, रजनी, पूजा व कीर्ति ने बताया कि न्यू राजीव नगर एक्सटेंशन व श्याम विहार को बसे हुए 30 साल हो चुके हैं लेकिन आज तक इन कॉलोनियों में सड़क, सीवर व पेयजल सुविधा नहीं है। वे इस मांग को लेकर मेयर, विधायक व सांसद भी मिल चुके हैं। मगर आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इन दोनों कॉलोनियों के करीब 10 हजार वोट हैं। चुनाव के समय मेयर व पार्षद ने वादा किया था कि पहली कलम से दोनों कॉलोनियों को मंजूर करवाया जाएगा पर समस्या जस की तस है।
महाबीर कॉलोनी एक्सटेंशन की आधी गली अवैध
लोगों ने कहा कि उनके पास में महाबीर कॉलोनी एक्सटेंशन है, जिसमें सीवर लाइन बिछी हुई है, जबकि यह कॉलोनी अवैध है। लोगों ने इस बारे में मेयर गौतम सरदाना को भी बताया। इस पर मेयर ने निगम के अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि इस कॉलोनी की साढ़े आठ गलियां मंजूर हैं। यह सुनकर लोगों ने कहा कि इस कॉलोनी में कुल 9 गलियां हैं। आधी गली मंजूर व आधी गली अवैध का क्या चक्कर है। लोगों ने कहा कि जब तक उनकी कॉलोनी मंजूर नहीं होती, उनका यह आंदोलन चलता रहेगा।