हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) की ओर से अब संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं ऑलनाइन व ऑफलाइन दोनों विकल्प में ली जाएगी। बुधवार को जीजेयू प्रशासन ने इस संबंध में पत्र जारी कर सभी महाविद्यालयों को आदेश दे दिया है। नए आदेश के अनुसार 10 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षाओं से पहले विषयानुसार डेट शीट जारी कर दी जाएगी।
विज्ञापन
गौरतलब है कि दोनों विकल्प में परीक्षाएं करवाने की मांग को लेकर सोमवार को जीजेयू इनसो चेयरमैन हरिंद्र बेनिवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपा था। मांग पूरी न होने पर कुलपति कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी थी। वहीं जिले के कई कॉलेजों के विद्यार्थियों ने जीजेयू कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था।
लगातार हो रहे विद्यार्थियों की प्रदर्शन के बाद बुधवार को जीजेयू ने विद्यार्थियों की मांग को जायज ठहराते हुए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों विकल्प में परीक्षा करवाने का आदेश जारी कर दिया। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान अज्जु घनघस, प्रवीन ढांडा, शुभम कुमार, अनमोल रोमियो, अनु, विजय, रजनीश, सुदंरम, राममेहर व राहुल आदि मौजूद रहे।