हिसार। मंगाली में फुटबाल का प्रशिक्षण ले रहीं बेटियों को अब खेल सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहेगी। साई केंद्र प्रभारी ने फुटबाल ग्राउंड का निरीक्षण कर यहां मिलने वाली खेल सुविधाओं के बारे में बेटियों से बातचीत की। साथ ही उनके परिवार की हिस्ट्री भी जुटाई।
साई केंद्र प्रभारी ने यहां अभ्यास कर रहीं खिलाड़ियों की पांच साल तक की खेल उपलब्धियां भी मांगी हैं। अब इसकी रिपोर्ट तैयार कर साई मुख्यालय सोनीपत भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान साई केंद्र प्रभारी हरभजन सिंह के अलावा कोच भी मौजूद रहे। उन्होंने यहां मिलने वाली खेल सुविधाओं, रोजाना कितने खिलाड़ी अभ्यास करते हैं, खिलाड़ियों की पारिवारिक स्थिति क्या है की जानकारी जुटाई है।
ग्राउंड में अभी ये कमियां
- ग्राउंड का लेवल ठीक नहीं है। इस कारण अभ्यास में परेशानी होती है।
- ग्राउंड में घास लगाने की जरूरत है।
- खेलों का सामान भी अधूरा।
- ग्राउंड की चौड़ाई कम है। इसे बढ़ाने की जरूरत है।
मैदान में 150 बेटियां बहा रही पसीना
मंगाली के राजकीय स्कूल में फुटबाल का सेंटर चल रहा है। यहां रोजाना सुबह-शाम 150 फुटबालर बेटियां देश के लिए पसीना बहा रही हैं। इनमें से 80 से ज्यादा बेटियां नेशनल स्तर पर खेल चुकी हैं। 45 से ज्यादा बेटियां ने पदक हासिल किए। सात बेटियां इंटरनेशनल स्तर पर पहुंच चुकी हैं। वहीं अधिकतर बेटियां गरीब परिवार से संबंध रखती हैं।
साई की ओर से ग्राउंड का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान खिलाड़ियों को सुविधाएं देने के वादे किए हैं। - नरेंद्र कुमार, कोच, फुटबाल, मंगाली
मुख्यालय से निरीक्षण करने के आदेश आए थे। कोच के साथ मैदान का निरीक्षण किया है। खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर बातचीत की। रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उसके बाद मुख्यालय सोनीपत भेजी जाएगी। - हरभजन सिंह, केंद्र प्रभारी, साई, हिसार