हिसार। आखिरकार नगर निगम प्रशासन की तरफ से जनस्वास्थ्य विभाग को बार-बार पत्र लिखने के बाद हेल्पलाइन नंबर 14420 पर कर्मचारी नियुक्त कर दिया गया है। करीब साढ़े तीन माह बाद हेल्पलाइन नंबर कर्मचारी की तैनाती की गई है। हालांकि अभी भी विभाग की तरफ से एक ही कर्मचारी नियुक्त किया गया है, जबकि निगम की तरफ से तीन कर्मचारियों की डिमांड की गई थी।
बता दें कि सफाई सुरक्षा मित्र अभियान के तहत केंद्र सरकार की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 14420 शुरू किया गया है। इसके माध्यम से लोगों की सीवर व सेप्टिक टैंक संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाना है।
लोग नहीं हैं जागरूक, तीन माह में आई सिर्फ 47 शिकायतें
हेल्पलाइन नंबर को लेकर लोग जागरूक नहीं हैं। 8 अक्टूबर को यह नंबर शुरू किया गया था। मगर 31 दिसंबर तक इस नंबर के माध्यम से 47 लोगों ने ही सीवर व पानी संबंधी शिकायतें दर्ज करवाईं। शुक्रवार को भी दो ही शिकायतें इस नंबर पर आईं। इसमें एक शिकायत सूर्य नगर से सीवर संबंधी व दूसरी शिकायत मॉडल टाउन से पानी संबंधित थी।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में 375 अंक निर्धारित
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में सफाई सुरक्षा मित्र के 375 अंक निर्धारित है। हेल्पलाइन नंबर भी सफाई सुरक्षा मित्र का ही एक भाग है। अगर इस नंबर के माध्यम से आई शिकायतों का समाधान नहीं किया जाता है तो स्वच्छता सर्वेक्षण में इसका निगम को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हेल्पलाइन नंबर 14420 पर जनस्वास्थ्य विभाग ने अपना कर्मचारी नियुक्त कर दिया है। शहरवासी इस नंबर पर सीवर व पानी संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। - सुभाष सैनी, सीएसआई, नगर निगम