हांसी। पिता पुत्र ने तीन दोस्तों को 12 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी पिता पुत्र ने तीनों युवकों को अमेरिका में 5 लाख रुपए महीना तनख्वाह का लालच दिया था। हांसी पुलिस ने सैनीपुरा गांव निवासी संदीप सैनी की शिकायत पर हांसी के लक्ष्मण चतरा निवासी अमित व उसके पिता पालाराम के खिलाफ केस दर्ज किया है। संदीप के अनुसार उसकी आरोपियों के साथ पहले से जान पहचान है। 2019 में दोनों ने उसे अपने घर पर बुलाकर कहा कि यहां पर 10 हजार रुपये महीने की नौकरी करते हो, वह उसको अमेरिका भिजवा देंगे और महीने का 5 लाख रुपए का वेतन मिलेगा। संदीप के अनुसार अमित व पाला राम ने उससे कहा कि अगर उसका कोई अन्य दोस्त भी राजी है तो वह उसका काम भी वह करवा सकते हैं। उसके बाद संदीप ने खुद व अपने दोस्त संदीप व विनोद को अमेरिका जाने के लिए रजिस्ट्रेशन के नाम पर अमित को एक लाख 68 हजार रुपए व असली कागजात दे दिए। आरोपी अमित ने उनसे कहा कि अमेरिका जाने के लिए प्रत्येक को 13 लाख रुपए देने होंगे, जिसमें से तीनों से 12 लाख रुपए उनसे पहले ही ले लिए थे। इसके बाद 22 दिसंबर 2020 को अमित ने उनसे कहा कि अमेरिका जाने से पहले स्टडी वीजा पर सिंगापुर जाना होगा। संदीप के अनुसार जब उन्होंने सिंगापुर जाने की बजाए अमेरिका जाने की बात बोली तो आरोपी ने उनसे कहा कि वह जल्दी ही उनके 12 लाख रुपए वापस कर देगा। इसके लिए दिसंबर में उनको दो चेक अमित व उसके पिता की तरफ से दे दिए गए थे, लेकिन दोनों बाउंस हो गए। इसके बाद जब जुलाई में तीनों अमित व उसके पिता से पैसे मांगने गए तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।