हरियाणा के हिसार में सोमवार देर शाम को मौसम में आए अचानक बदलाव के साथ पाबड़ा गांव के रहने वाले दलबीर के आवास पर बिजली गिरने से मां बेटा झुलस गए। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। बिजली गिरने से नए आवास के लेंटर और दीवारों में दरारें आ गई। बिजली के उपकरण जल गए। पीड़ित परिवार से जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी आर्थिक मदद की जाए।
बरामदे में बैठकर खाना खा रहे थे
पाबड़ा गांव के रहने वाले मनदीप ने बताया पिता दलबीर सिंह मेहनत मजदूरी का काम करता है। कुछ समय पहले ही नया मकान बनाया था। सोमवार रात करीब 8 बजे परिवार के सभी सदस्य बरामदे में बैठकर खाना खा रहे थे।
अचानक जोरदार धमाका हुआ। संभल पाते उससे पहले मकान पर बिजली गिर गई और वह लेंटर को चीरते हुए नीचे आई। बिजली के कारण उसके दोनों पांव झुलस गए। उसकी मां शीला भी झुलस गई। देखते ही देखते बिजली की फिटिंग भी जल गई। जिस कारण पंखे, कूलर और टीवी भी जल गया। झुलसी हालत में उन्हें गांव की पीएचसी में लेकर गए।
लेंटर और दीवारों में आई दरारें
दलबीर ने बताया कि जैसे तैसे करके नया मकान बनाया था। अचानक बिजली का इतना तेज प्रकोप देखने को मिला कि मकान में कई जगह जलने के लाल व काले निशान बन गए। बेहद आक्रामक गति से बिजली दीवार से टकराकर छत को चीरते हुए नीचे जमीन तक पहुंच गई।
आसपास के मकानों में भी हुआ नुकसान लोग सहमे
बिजली गिरने की वजह से धमाका इतना तेज हुआ कि आसपास रहने वाले ग्रामीण भी डर गए। पड़ोसी अमनदीप ने बताया कि मैं अपने घर में काम कर रहा था और अचानक इतना तेज धमाका हुआ कि मेरे हाथ से सामान भी जमीन पर गिर गया और घर मे मौजूद अन्य सदस्यों के भी हाथ पैर कांपने लगे थे। आसपास के कई मकानों में दरारें आई हैं।