हरियाणा की बेटियों पर धनवर्षा: महिला हॉकी इंडिया लीग में 17 खिलाड़ियों की किस्मत चमकी, उदिता सबसे महंगी
Wed, 16 Oct 2024 10:48 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत/हिसार (हरियाणा)
सार
महिला हॉकी इंडिया लीग के लिए हरियाणा की 17 खिलाड़ियों चयनित किया गया है। हिसार निवासी अर्जुन अवॉर्डी दीपिका ठाकुर को दिल्ली एसजी पाइपर्स की टीम ने 20 लाख रुपये में अपने दल में शामिल किया है। दीपिका ठाकुर भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान भी रह चुकी हैं।
महिला हॉकी इंडिया लीग के लिए पहले दिन की नीलामी में हरियाणा की खिलाड़ियों पर खूब धनवर्षा हुई। प्रदेश की 17 खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों ने अनुबंधित किया। पहले दिन की नीलामी में हिसार के न्यू पुलिस लाइन निवासी 26 वर्षीय भारतीय हॉकी खिलाड़ी उदिता सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उदिता को 32 लाख रुपये में शरांची रार बंगाल टाइगर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।
विज्ञापन
उदिता टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम में भी शामिल थीं। सिरसा के गांव जोधका निवासी ओलंपियन सविता पूनिया को सूरमा हॉकी क्लब की टीम ने 20 लाख रुपये दिए। पूर्व भारतीय कप्तान सविता ने लगातार तीन बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया है। सविता की कप्तानी में ही देश ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में खिताब जीता था। वहीं, हिसार निवासी अर्जुन अवॉर्डी दीपिका ठाकुर को दिल्ली एसजी पाइपर्स की टीम ने 20 लाख रुपये में अपने दल में शामिल किया है। दीपिका ठाकुर भारतीय महिला हॉकी टीम की उप कप्तान भी रह चुकी हैं।
मारकंडा की नवनीत कौर को दिल्ली एसजी पाइपर्स की टीम ने 19 लाख में अपनी टीम में शामिल किया है। द्रोणाचार्य अवॉर्डी प्रीतम सिवाच ने बताया कि सोनीपत की ज्योति 16 लाख, शर्मिला देवी 10 लाख, निधि 2 लाख रुपये में सूरमा हॉकी क्लब में शामिल की गई हैं। सोनीपत की मनीषा को 3.70 लाख, इशिका को 5.40 लाख व शिल्पी डबास को दो लाख में दिल्ली एसजी पाइपर्स, नेहा गोयल को 10 लाख, निशा को 2.60 लाख, साक्षी राणा को 7 लाख व कनिका सिवाच को 3.10 लाख में ओडिशा वारियर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है।
विज्ञापन
वहीं, महिमा चौधरी को 10 लाख में शरांची रार बंगाल टाइगर्स ने अपने दल में शामिल किया। हिसार की सोनिका टांडी को 5.40 लाख व हिसार की अन्नू को 10 लाख रुपये में ओडिशा वॉरियर्स ने अपने दल में शामिल किया है। नीलामी में देश की 250 तो विदेश की 70 खिलाड़ियों की किस्मत जगी।