हिसार। सीसवाला गांव के रहने वाले धर्मपाल पर कुछ युवकों ने बस के अंदर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। जख्मी हालत में धर्मपाल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी है।
सीट को लेकर हुआ झगड़ा
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन सीसवाला निवासी धर्मपाल ने बताया कि ऑटो मार्केट में डेंटिंग पेंटिंग की दुकान है। हर रोज शाम को काम करने के बाद बस में सवार होकर गांव जाता हूं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बस स्टैंड पर पहुंचा। गांव जाने वाली बस में चढ़ा तो एक युवक सीट पर बैठा हुआ था। साथ वाली सीट खाली थी। जब सीट पर बैठने लगा तो युवक ने कहा कि यहां पर कोई आने वाला है। इसी बात को लेकर उसने झगड़ा करना शुरू कर दिया। बस में सवार यात्रियों ने बीच-बचाव किया। उसके बाद झगड़ा करने वाले युवक ने अपने साथियों के पास फोन कर दिया। जब बस रावलवास गांव के अड्डे पर पहुंची तो कुछ युवक बस में चढ़े। उक्त युवकाें ने पहले झगड़ा करने वाले युवक के साथ मिलकर सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। बाद में मौके से फरार हो गए। घायल हालत में परिजन उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए।
दोस्त की घुड़चढ़ी में शामिल होने गए छात्र पर हमला
हिसार। शांति नगर में दोस्त की घुड़चढ़ी में शामिल होने गए मनफूल नगर वासी रजत पर दो युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जख्मी हालत में रजत को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। एचटीएम थाना पुलिस ने घायल के बयान पर मंयक और रोहित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दिए गए बयान में मनफूल नगर वासी रजत ने बताया कि वह 12वीं कक्षा में पढ़ता है। 16 मार्च को दोस्त प्रिंस की घुड़चढ़ी में शामिल होने के लिए शांति नगर गया था। वहां पर दोस्त प्रियांशु भी आ गया। उसके साथ माला लेने के लिए बाजार जा रहे थे। शांति नगर के पार्क के पास पहुंचे तो रास्ते में मयंक और रोहित ने उसके साथ गाली गलौज की। विरोध किया तो तेजधार हथियार से हमला कर दिया।