हिसार। सोशल मीडिया पर एक महीने की दोस्ती के बाद प्रेम विवाह करने वाले जोड़े ने सोमवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार मृत महिला की मां जोसना सरकार ने बताया कि उसके पास सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पूर्णिमा का फोन आया। उसने बताया कि दीपक नहीं रहा। अब मैं भी जिंदा नहीं रहूंगी। जब तक वह वहां पर पहुंची तब तक पूर्णिमा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की मां ने बताया कि पूर्णिमा मूलरूप से पश्चिम बंगाल के कुज विहार की रहने वाली थी। करीब एक माह पहले ही उसकी सातरोड़ निवासी दीपक के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद उन दोनों में मंदिर में शादी कर ली। राखी के दिन दीपक के साथ घर छोड़कर यहां आ गई थी। दीपक 12 कक्षा में आईटीआई करता था। इस बीच उनकी बातचीत होती रहती थी। अभी वह दोनों सातरोड़ में रह रहे थे और दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।