महाबीर स्टेडियम में इस जगह बनाया जाना है लॉन टेनिस ग्राउंड। देखरेख के अभाव में जहां अब घास उग चुक?
- फोटो : Hisar
हिसार। महाबीर स्टेडियम में सात साल पहले शिलान्यास का पत्थर लगने के बावजूद आज तक लॉन टेनिस ग्राउंड नहीं बन सका है। वहीं देखभाल के अभाव में यह जमीन सख्त हो चुकी है। इसमें लंबी-लंबी घास उग चुकी है। वहीं, खिलाड़ी कई बार अधिकारियों से ग्रांउड बनाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हर बार खिलाड़ियों को आश्वासन देकर भेज दिया जाता है। ऐसे में खिलाड़ियों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
दरअसल, खिलाड़ियों को लॉन टेनिस ग्राउंड की सुविधा देने के लिए महाबीर स्टेडियम में 4 जून 2014 को शिलान्यास का पत्थर लगाया गया था। लाखों रुपये खर्च कर मैदान में मिट्टी भरवाई गई थी। इस दौरान खेल अधिकारियों ने जल्द से जल्द ग्राउंड तैयार करवाने को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे। लॉन टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार का कहना है कि शुरू में ग्राउंड के लिए 10 लाख रुपये मंजूर हुए थे। इस राशि से नींव और जमीन से 8 फुट ऊंची मिट्टी भरवाई गई। बीते मार्च माह में 42 लाख का एस्टीमेट बनाकर स्पोर्ट्स डायरेक्टर के पास भेजा गया था। जहां से खेल मंत्री के पास गया हुआ है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में एस्टीमेट मंजूर हो जाएगा। एस्टीमेट मंजूर होने के साथ ही ग्राउंड बनवाने का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
महाबीर स्टेडियम में कई सालों से काम अधर में लटका हुआ है। इसको लेकर बीते वीरवार को बैठक भी हुई थी। अब जल्द लॉन टेनिस ग्राउंड को लेकर खेल मंत्री से भी मिलेंगे। - योगेश कोहली, इंटरनेशनल मेडलिस्ट
अभी महाबीर स्टेडियम में लॉन टेनिस ग्राउंड की सुविधा शुरू नहीं हुई। काम बीच में लटका हुआ है। निजी अकादमी में प्रतिमाह तीन हजार रुपये देकर अभ्यास कर रहा हूं। - ईशान, खिलाड़ी, लॉन टेनिस
महाबीर स्टेडियम में लॉन टेनिस ग्राउंड का काम लंबे समय से रुका हुआ है। जल्द से जल्द काम शुरू करवाया जाए ताकि खिलाड़ियों को सुविधा मिल सके। - गजेंद्र, नेशनल खिलाड़ी, लॉन टेनिस
काफी साल पहले मैदान में मिट्टी भरवाई गई थी। उसके बाद काम बीच में ही लटक गया। करीब 10 दिन पहले ही लॉन टेनिस की फाइल एडीसी ने मांगी थी। जल्द से जल्द ग्राउंड बनवाने का काम सिरे चढ़ाया जाएगा। - कृष्ण कुमार बेनीवाल, जिला खेल अधिकारी