हिसार। स्नातक प्रथम वर्ष (यूजी) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो गई। अब विद्यार्थियों की निगाहें 9 जुलाई को जारी होने वाली पहली मेरिट सूची पर टिकी हैं। अंतिम दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किए जिससे देर शाम तक पोर्टल पर व्यस्तता बनी रही।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 जुलाई को विद्यार्थियों को ओटीपी आधारित संशोधन का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान वे आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को ठीक कर सकेंगे। इसी दिन ऑब्जेक्शन लिस्ट भी जारी की जाएगी, जिसमें आवेदन या दस्तावेजों से संबंधित कमियों की जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर इन आपत्तियों का निस्तारण करना होगा।
कॉलेजों में प्राप्त आवेदनों की बात करें तो गोरखनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सबसे अधिक 8250 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जाट कॉलेज में 2110 सीटों के मुकाबले 3313 आवेदन आए हैं जबकि डीएन कॉलेज की 2090 सीटों के लिए 4963 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। राजकीय महिला महाविद्यालय की 980 सीटों के लिए 1968 छात्राओं ने आवेदन किया है।
6 जुलाई तक सभी कॉलेजों में आवेदनों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 8 जुलाई को पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। पहली मेरिट सूची 9 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी, जबकि इसकी अंतिम सूची 10 जुलाई को जारी होगी। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 11 से 15 जुलाई तक फीस जमा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा।
दूसरी मेरिट सूची 16 जुलाई को और इसकी अंतिम सूची 17 जुलाई को जारी की जाएगी। दूसरी सूची में चयनित विद्यार्थियों को 18 से 22 जुलाई तक फीस जमा करने का अवसर मिलेगा। यदि दोनों मेरिट सूचियों के बाद भी किसी कॉलेज या पाठ्यक्रम में सीटें रिक्त रहती हैं तो 23 जुलाई से ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया के तहत पात्र विद्यार्थी संबंधित कॉलेजों में जाकर रिक्त सीटों के लिए सीधे आवेदन कर सकेंगे। इससे मेरिट सूची में स्थान न पाने वाले विद्यार्थियों को भी दाखिले का अवसर मिलेगा।