गांव डाबडा में हॉकी चैंपियनशिप मुकाबले में खेलतीं हिसार और दादरी की टीमें। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। डाबड़ा गांव में चल रही 37वीं हरियाणा स्टेट सीनियर पुरुष वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। अपने-अपने वर्ग में मैच जीत जींद, सोनीपत, हिसार और झज्जर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। शनिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला जींद-सोनीपत और दूसरा मुकाबला हिसार-झज्जर के बीच होगा।
इससे पहले शुक्रवार को पहला मुकाबला रोहतक और झज्जर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में झज्जर ने 5-0 से एकतरफा जीत हासिल की। झज्जर टीम की ओर से 27वें मिनट में अशोक नांदल ने पहला, 32वें मिनट में सुरजीत सिंह ने दूसरा, 56वें मिनट में सागर ने तीसरा, 58वें मिनट में गगनदीप ने चौथा और 59 वें मिनट में वासुदेव ने पांचवां गोल कर टीम को जीत दिलाई। दूसरा मैच सोनीपत व भिवानी के मध्य खेला गया। सोनीपत की टीम ने भिवानी को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सोनीपत की तरफ से पंकज ने 32वें व 48वें मिनट में गोल किए। वहीं भिवानी की तरफ से एकमात्र गोल 49वें मिनट में नवीन ने किया।
तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच हिसार और चरखी दादरी के बीच खेला गया। हिसार ने दादरी की टीम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। हिसार की ओर से 11वें मिनट में रोहित ने और 23वें मिनट में गोपाल ने गोल किया। वहीं, चरखी दादरी की तरफ से एकमात्र गोल 48वें मिनट में दीक्षित ने किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच अजयवीर सिंह डाबड़ा, चित्रा डाबड़ा, अर्जुन मोहिल, डॉ. राममेहर, मास्टर दिलीप सिंह ने शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
सेमीफाइनल मुकाबले
दोपहर 2 बजे : जींद और सोनीपत
शाम 4 बजे : हिसार और झज्जर