हरियाणा में आठ अक्तूबर से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ कमजोर साबित हो रहा है। इसका ज्यादा असर दिखाई नहीं दे रहा है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक वीरवार को यह विक्षोभ आगे निकल जाएगा। इस दौरान कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है।
विज्ञापन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आठ अक्तूबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था, लेकिन यह कमजोर श्रेणी का निकला। इसके असर से पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। पहले दिन मंगलवार को इसके प्रभाव से करनाल और पानीपत में हल्की बारिश हुई थी लेकिन बुधवार को इसके असर से सिर्फ कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए।
वीरवार को इसके प्रभाव से पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। प्रदेश में बुधवार को सिरसा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रहा। वहीं, सोनीपत में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।