उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार शाम को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से शनिवार को बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आएगी और कोहरा भी छाएगा।
विज्ञापन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि विक्षोभ कमजोर श्रेणी का है। हालांकि अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने से इस विक्षोभ को वहां से भी नमी मिलेगी। इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जिससे हरियाणा के पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। जिले में सुबह से मौसम साफ रहा।
इस कारण जल्द ही धूप भी निकल आई। इस वजह से दिन के समय ठंड से राहत मिली। यही वजह रही कि अधिकतम तापमान में सिर्फ 0.7 डिग्री की गिरावट आई और यह सामान्य से 2.5 डिग्री ऊपर रहा। इस दौरान शहर में अधिकतम तापमान 22.9 व बालसमंद में 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छा गए। वहीं दिन ढलने के बाद ठंड बढ़ गई।
विज्ञापन
हिसार जिले में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री पर पहुंचा, सीजन व प्रदेश का सबसे कम
वहीं हिसार जिले के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन व प्रदेश का सबसे कम रहा। इससे पहले गुरुवार को बालसमंद में रात का तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस था। वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री नीचे रहा। इस तरह जिले की रात कई पहाड़ी क्षेत्रों से भी ठंडी रही।