बुधवार से एक बार फिर से आमजन को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ो से जूझना पड़ेगा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बुधवार से हवाओं की दिशा फिर से पश्चिमी हो जाएगी। बलूचिस्तान व थार मरुस्थल की गर्म पश्चिमी हवाओं का प्रभाव हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली और विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ पर पड़ेगा। इस वजह से भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ेगा। हालांकि बीच-बीच में आंधी या अंधड़ चलने की संभावना बन रही है।
भारतीय मौसम विभाग के नारनौल स्थित सब सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने संपूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। सप्ताह के अंत तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 45.0 से 47.0 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
इसके अलावा एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 28 अप्रैल को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश करने वाला है, जिसकी वजह से फिर से मौसम गतिशील और परिवर्तनशील होने की संभावनाएं बन रही है। इससे पहले सोमवार को कमजोर मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ का असर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में भी अधिकतर स्थानों पर दिखाई दिया।
इस वजह से संपूर्ण हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर आंधी, अंधड़ के साथ हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिलीं। आंधी व अंधड़ से प्रदेश में अनेक स्थानों पर पेड़ों के गिरने की घटनाएं भी हुईं।
हरियाणा में बारिश के आंकड़े
- सिरसा 2.6 मिलीमीटर
- बालसमंद 1.5 मिलीमीटर
- हिसार 1.0 मिलीमीटर
- रोहतक 1.0 मिलीमीटर
- भिवानी 1.0 मिलीमीटर
- चरखी दादरी 1.0 मिलीमीटर
- जींद 1.0 मिलीमीटर
- महेंद्रगढ़ 1.0 मिलीमीटर
- सतनाली 0.5 मिलीमीटर
- कनीना 0.5 मिलीमीटर
(बारिश के ये आंकड़े आईएमडी के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक के हैं)