हिसार। नागरिक अस्पताल में दवा दिलवाने के लिए लाए गए एक बंदी से गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। दवा दिलवाने के बाद जब बंदियों को वापस केंद्रीय कारागार में ले जा रहे थे तो गाड़ी में बैठाने के बाद पुलिस कर्मी को शक हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने खेदड़ गांव निवासी विकास उर्फ कालियां की तलाशी ली तो 5.49 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इस बारे में नई अनाज मंडी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है।
हांसी में तैनात ईएसआई कैलाश चंद्र ने बताया कि वीरवार को ईएचसी बजरंग, रामकिशन, नरेश, सिपाही मनदीप, नरेंद्र और कृष्ण के साथ गाड़ी में सवार होकर हिसार के केंद्रीय कारावास एक में आए थे। यहां पर बंद आरोपी खेदड़ निवासी विकास उर्फ कालिया, तालू गांव निवासी अजय और नारनौंद के समुंदर को दवा दिलवाने के लिए कारागार से नागरिक अस्पताल लेकर आए थे। यहां पर तीनों को दवा दिलवाने के बाद गाड़ी में बैठाया तो संदेह हुआ कि विकास की जेब में कुछ है। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई।