हिसार/सिरसा। हिसार के विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, सिरसा से हलोपा विधायक गोपाल कांडा और उनके भाई गोबिंद कांडा को आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
हिसार जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया के मुताबिक डॉ. कमल गुप्ता और दुड़ाराम के खिलाफ 26 अगस्त को हिसार के बिश्नोई मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान भाजपा के लिए वोट की अपील करने का आरोप है।
उधर, सिरसा के कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा ने विधायक गोपाल कांडा और गोबिंद कांडा पर आचार संहिता के दौरान मतदाताओं को रुपये बांटने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन और चुनाव आयोग को शिकायत भेजी। इस पर संज्ञान लेते हुए रिटर्निंग अधिकारी ने दोनों को नोटिस जारी किया है। वहीं चुनाव आयोग ने राजकुमार शर्मा को दस्तावेज के साथ दिल्ली बुलाया है।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा, अभी उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है। जहां कार्यक्रम था, वह बिश्नोई धर्मशाला है। वहां हम वोट क्यों नहीं मांग सकते। चुनाव के समय में वोट की अपील गलत क्यों? वहीं, गोबिंद कांडा ने कहा, हमने कहीं कोई पैसा नहीं बांटा है। कांग्रेसी नेता ने जो आरोप लगाए हैं, वह गलत हैं। यह कार्रवाई राजनीतिक दलों में चर्चा विषय बनी है।