हिसार। हिसार सर्कल में पहला स्मार्ट मीटर बिजली निगम के एमडी फूलचंद मीणा के क्वार्टर में लगाया गया है। 25 अगस्त को गुरुग्राम व हिसार सर्कल की विशेष टीमों ने विद्युत नगर के टाइप 8 के ए वन नंबर क्वार्टर में स्मार्ट मीटर लगाया।
उम्मीद है कि आने वाले दिनों में हिसार सर्कल में स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद शुरू होगी। हालांकि सरकार की ओर से आने वाले चार सालों में पूरे देश में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना बनाई हुई है। विशेष बात यह है कि अगर स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ की जाती है तो स्वत: ही बिजली सप्लाई बंद हो जाएगी और मीटर लॉक हो जाएगा। वहीं स्मार्ट मीटर उपभोक्ता तीन विकल्पों में बिजली बिल दे सकेंगे।
डीएचबीवीएन स्मार्ट मीटर एप से जुड़ेगा बिजली उपभोक्ता
यदि कोई स्मार्ट मीटर उपभोक्ता है तो उसे डीएचबीवीएन स्मार्ट मीटर एप से जोड़ा जाएगा। जिसमें हर उपभोक्ता को विशेष नंबर मिलेगा। इसमें हर दिन से लेकर हर माह की बिजली खपत सहित अन्य जानकारियां एप पर अपलोड होगी। इसकी निश्चित समय में समीक्षा एसडीओ करेंगे।
ये होंगे स्मार्ट मीटर के फायदें
- स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के पास पोस्टपेड, प्रीपेड व नेट मीटिरिंग की सुविधा होगी। जिसमें वह बिजली बिलों को विकल्प के अनुसार अदा कर सकेंगे।
- रिमोट डिस्कनेक्ट - स्मार्ट मीटर उपभोक्ता यदि मीटर से छेड़छाड़ करता है तो रिमोट डिस्कनेक्ट की सुविधा से बिजली सप्लाई को एक क्लिक पर बंद किया जा सकता है। इसके लिए बिजली निगम के कर्मचारियों को संबंधित उपभोक्ता के घर जाने की जरूरत नहीं होगी।
- उपभोक्ता की रोजाना, मासिक खपत यूनिट को बैठे-बैठे बिजली निगम के कार्यालय में निकाल सकेंगे। उसके लिए कर्मचारियों को मीटिर रिडिंग के लिए घर-घर जाने की जरूरत नहीं होगी। जिससे पारदर्शिता आएगी।
- स्मार्ट मीटर में मेमोरी कार्ड उपलब्ध होगा। जिस कारण डिफाल्टर उपभोक्ता द्वारा यदि मीटर से छेड़छाड़ करता है तो विशेष उपकरण मीटर को स्वत ही लॉक कर बिजली सप्लाई को बंद कर देंगे।
हिसार सर्कल में पहला स्मार्ट मीटर बिजली निगम के एमडी के क्वार्टर में लगाया गया है। इस मीटर से उपभोक्ताओं को कई फायदें होंगे। खास बात है इस मीटर में सुविधाओं के साथ पारदर्शिता भी है। - राजेश नांदल, एक्सईएन, बिजली निगम, हिसार