हिसार शहर की राजगुरु मार्केट स्थित मशहूर रेस्टोरेंट राम चाट भंडार में शॉर्ट सर्किट से मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। पांच मंजिला रेस्टोरेंट में रखे सिलिंडरों व कंप्रेशर के फटने से आग भड़क गई। भीषण आग ने साथ लगती चार दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। रेस्टोरेंट में सो रहा छतरा देव गांव, नेपाल निवासी एक किशोर जिंदा जल गया, जबकि पांच कर्मचारियों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया।
इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने दुकान मालिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह राजगुरु मार्केट में लाइट नहीं थी। सुबह करीब पौने छह बजे लाइट आई। दुकानदारों ने बताया कि अचानक आई लाइट से रेस्टोरेंट राम चाट भंडार के ग्राउंड फ्लोर पर तारों में स्पार्किंग हुई, जिससे साथ लगे लकड़ी के बोर्ड में आग लग गई।
इस दौरान वधवा बूट हाउस के मालिक रामलाल वधवा ने रेस्टोरेंट में लगी आग देखकर आसपास के दुकानदारों को फोन किया। मौके पर मौजूद युवक भविष्य ने मार्केट प्रधान टीनू आहुजा के पास फोन कर घटना से अवगत करवाया। टीनू आहुजा ने तुरंत रेस्टोरेंट मालिक कुलदीप व दमकल विभाग को सूचना दी।
इस संबंध में हमें कोई शिकायत नहीं मिली है। इस मामले में जांच जारी है। लापरवाही मिली तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - लोकेंद्र सिंह, एसपी, हिसार