हिसार। कॉलेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन अब 2 सितंबर तक किए जा सकेंगे। सर्वर डाउन होने से फीस नहीं कटने, आवेदन जमा न होने संबंधित समस्या आने पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है। वहीं, अभिभावकों का कहना है वेबसाइट पर दिया गया हेल्पलाइन नंबर पर कोई फोन तक नहीं उठाया। उन्हें किसी प्रकार की मदद नहीं मिल रही है।
इसके साथ ही मेरिट लिस्ट सहित अन्य शेड्यूल में भी बदलाव कर दिया गया है। हालांकि पहले आवेदकों के पास वीरवार शाम तक ही कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन करने का मौका था। 4 सितंबर तक शिक्षकों को ऑनलाइन दस्तावेजों को जांचने होंगे। जबकि पहली मेरिट लिस्ट 8 सितंबर को जारी की जाएगी, जोकि 13 सितंबर तक मान्य होगी। इस मेरिट लिस्ट में आने वाले विद्यार्थियों को 9 सितंबर से 13 सितंबर तक फीस भरनी होगी। जबकि दूसरी मेरिट सूची 15 सितंबर को जारी की जाएगी। 21 सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल खोला जाएगा, जिसमें काउंसिलिंग की जाएगी।
सुबह 9 बजे से ही ठप रहा सर्वर
वीरवार सुबह 9 बजे ही सर्वर ठप हो गया, जिस कारण दोपहर 2 बजे तक अभिभावक-विद्यार्थी परेशान रहे। पोर्टल न खुलने के कारण कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन संबंधित दस्तावेज अपलोड नहीं हो सकें। कारण था कि पुराने शेड्यूल के अनुसार वीरवार शाम तक कॉलेजों में आवेदन करने का अंतिम दिन था। जिस कारण अत्याधिक सर्च करने के कारण सर्वर पर लोड बढ़ गया। वहीं, आवेदकों के परिचित नीरज व सेक्टर-15 निवासी सुमन ने बताया कि किसी भी समस्या को लेकर जब वे हेल्पलाइन नंबर पर फोन करते हैं तो कोई रिसीव नहीं करता है।
वर्ष 2005 के बाद जन्मे आवेदकों को हो रही परेशानी
परिजनों ने बताया कि जिन आवेदकों का जन्म वर्ष 2005 के बाद हुआ है। उनके आवेदन स्वीकार नहीं हो रहे हैं। इस बारे में उन्होंने मुख्यालय में कई बार मेल भी की है, लेकिन वहां से कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
सुबह 9 बजे से ही सर्वर ठप है। दोपहर 2 बजे तक सर्वर संबंधित समस्या के कारण ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पा रहे हैं। - धौलूराम, सीएससी संचालक, ऋषि नगर, हिसार
कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन का समय अविधि बढ़ाकर 2 सितंबर कर दी है। हालांकि सर्वर संबंधित समस्या के कारण अभिभावकों-विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यालय से भी बार-बार संपर्क किया जा रहा है। - यशवंत सिंह सांगवान, एडमिशन नोडल अधिकारी, राजकीय पीजी कॉलेज, हिसार