फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जजपा महासचिव को किसानों ने दिखाए काले झंडे व कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल

विज्ञापन
लोहारु रोड पर प्रदर्शन करते खाप के सदस्य व किसान। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के बाद भी किसान संगठन और खाप अपने फैसलों पर कायम हैं। इसके तहत किसान व खाप पदाधिकारी भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध कर रहे हैं। वीरवार को जब जजपा प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला झज्जर में होने वाली जन सरोकार रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे तो लोहारू रोड पर दो नजारे देखने को मिले। सड़क के एक तरफ किसानों ने काले झंडे दिखाते हुए दिग्विजय चौटाला मुर्दाबाद के नारे लगाए तो दूसरी ओर जजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत करते हुए जिंदाबाद के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच तीन मिनट तक नारेबाजी जारी रही। इसके बाद दिग्विजय चौटाला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने अंदर चले गए और डेढ़ घंटे तक किसान उनका वहीं बैठकर इंतजार करते रहे। उनके वापसी पर भी किसानों ने सड़क के दूसरी तरफ से काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी की।
विज्ञापन

दिग्विजय चौटाला के दादरी आगमन और किसान संगठनों के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अलर्ट रही। डीएसपी बली सिंह की अगुवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए लोहारू रोड पर तैनात रहे। दूसरी ओर विरोध प्रदर्शन के लिए विभिन्न संगठनों के लोग सुबह दस बजे मेजबान चौक पर एकत्रित हुए। वहां पुलिस ने बैरिकेड्स जरूर रखें, लेकिन किसानों को रोका नहीं गया। सवा दस बजे प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए सिविल अस्पताल के गेट के सामने पहुंचे। यहां सिविल अस्पताल के ठीक सामने आदि सेलिब्रेशन में जजपा कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ, जिसमें शिरकत करने दिग्विजय चौटाला पहुंचे। साढ़े दस बजे किसानों ने आयोजन स्थल के ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर डेरा डाल लिया। दो घंटे तक किसान दिग्विजय चौटाला के आने का इंतजार करते रहे।
ठीक 12:35 पर दिग्विजय चौटाला गाड़ियों के काफिले के साथ आयोजन स्थल के गेट के बाहर पहुंचा। सड़क के दूसरी ओर बैठे किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाने के साथ नारेबाजी शुरू कर दी। दिग्विजय के गाड़ी से नीचे उतरते ही जजपा कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी और दोनों पक्षों की ओर से करीब तीन मिनट तक नारेबाजी हुई। हालांकि इस दौरान दोनों पक्षों ने कानून व्यवस्था का ख्याल भी रखा। 12:38 पर दिग्विजय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंच गए और तब जाकर प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। करीब दो बजे दिग्विजय आयोजन स्थल से बाहर निकले और उस दौरान किसानों ने उन्हें काले झंडे दिखाने के साथ दोबारा से नारेबाजी की। जजपा प्रधान महासचिव दिग्विजय के वहां से जाने के बाद ही प्रदर्शनकारी भी लौट गए।
विज्ञापन

प्रदर्शन में ये खाप और संगठन हुए शामिल
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई फौगाट खाप-19 ने की। खाप की तरफ से प्रधान बलवंत नंबरदार, सचिव सुरेश फौगाट, धर्मपाल महराणा समेत अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। वहीं, सांगवान खाप-40 की तरफ से सूरजभान, विरेंद्र सांगवान, प्रवक्ता रणधीर कुंगड़ व सुरेंद्र कुब्जानगर ने भाग लिया। चिड़िया खाप पांच की तरफ से राजबीर शास्त्री और अन्य पदाधिकारी प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे। सतगामा खाप की तरफ से मांगेराम प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे। जाटूखाप से मास्टर राजसिंह समेत किसान नेता दिलबाग ढुल, महाबीर और नरेंद्र धनाना ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।
दिग्विजय बोले : मैंने किसानों के काले झंडों को फूलों का हार समझ गले में पहन लिया
संवाददाता से बातचीत के दौरान दिग्विजय चौटाला ने किसानों के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने कहा कि जजपा एमएसपी की गारंटी समेत किसानों की अन्य मांगें केंद्र सरकार के समक्ष उठा चुकी है। किसानों की अगर कोई और मांग है तो हम उसकी मध्यस्थता करने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के काले झंडों को उन्होंने फूलों की माला समझकर अपने गले में पहन लिया है।
दो जगह रहे बैरिकेड्स, प्रदर्शनकारियों को पार नहीं करने दी गई सड़क
विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। जजपा प्रधान महासचिव के आयोजन स्थल पर पहुंचने से कुछ देर पहले ही पुलिस कर्मियों ने सड़क पर लोगों को चहल कदमी बंद करवा दी। इस दौरान किसी प्रदर्शनकारी को डिवाइडर पार कर सड़क के दूसरी तरफ नहीं जाने दिया गया। यहां तक की डिवाइडर की रेलिंग पर भी पुलिसकर्मी तैनात हो गए।
वर्जन::
हमने शांतिपूर्वक ढंग से अपना विरोध दर्ज करवाया है। जब तक कृषि कानूनों को वापस लेने की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं होगी और एमएसपी समेत अन्य मांगें सिरे नहीं चढ़ेंगी, तब तक जजपा-भाजपा नेताओं का ऐसा ही विरोध किया जाएगा।
विज्ञापन

बलवंत नंबरदार, प्रधान, फौगाट खाप-19
वर्जन::
किसानों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज करवाया। आयोजन स्थल पर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही और किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
बली सिंह, डीएसपी

सड़क के एक तरफ खड़े किसान दिग्विजय चौटाला को काले झंडे दिखाते हुए जबकि दूसरी तरफ जजपा कार्यकर्त?- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें