नौकरी बहाली की मांग को लेकर थाली बजाकर विरोध जताते संजीवनी अस्पताल के कर्मी
- फोटो : Hisar
हिसार। कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए बनाए चौधरी देवीलाल संजीवनी अस्पताल से हटाए गए कर्मचारियों ने सोमवार को बीएंडआर विभाग के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी ने कर्मचारियों का समर्थन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारी बीएंडआर के एक्सईएन दफ्तर की तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने ताली-थाली बजाकर रोष जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
भीम आर्मी के जिला प्रधान प्रदीप ने बताया कि एक्सईएन विशाल कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर हटाए गए कर्मचारियों से बातचीत की। भीम आर्मी प्रधान प्रदीप ने बताया कि एक्सईएन ने उपायुक्त से बातचीत करते हमें 11 फरवरी को बैठक करने का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। हटाए गए कर्मचारियों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले 3 माह से झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। संतलाल आंबेडकर ने बताया कि अगर मांगें पूरी नहीं हुई तो डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, मंत्री कमल गुप्ता, मंत्री अनूप धानक के आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान भीम आर्मी व कर्मचारियों ने राजगढ़ रोड पर सरकार का पुतला भी जलाया। इस मौके पर जिला प्रभारी विजय अठवाल, जिला सचिव प्रदीप राजोरिया, रमेश राणा, गोपाल नारनौंद, पवन, पूनम, बबली, अमित, प्रदीप, सनी, गोविंद, अनिल, रीमन नैन, सुदेश गोयत आदि मौजूद रहे।