हरियाणा के हिसार में नायब सैनी 2.0 सरकार के मंत्री शपथ लेते ही तेवर में हैं। बरवाला से विधायक और मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार जीरो टोलरेंस की नीति पर चलेगी। किसी अधिकारी और कर्मचारी की वजह से जनहितैषी योजनाओं में देरी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री बनकर पहली बार हिसार पहुंचे रणबीर गंगवा शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, अधिकारी काम को तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखें। किसी अधिकारी-कर्मचारी की वजह से परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं होती है तो यह उनके लिए अच्छा नहीं होगा। गलत करने वालों पर कार्रवाई होगी। किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, जल जीवन मिशन के तहत काफी बजट आया है। ऐसे में लोगों को प्राथमिकता के आधार पर पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
हिसार में सीवरेज समस्या का प्राथमिकता से करें निपटारा
गंगवा ने कहा, हिसार में सीवरेज बड़ी समस्या है। इसका निदान करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करें। अधिकारी समस्या का कामचलाऊ हल निकालने के बजाय स्थायी निदान पर फोकस करें। बरवाला शहर में सीवरेज, पेयजल, कच्ची गलियों की समस्या है, इनके समाधान के लिए भी प्रस्ताव तैयार करें। अधिकारी प्रोजेक्ट बनाएं, विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
हिसार से जल्द शुरू होंगी हवाई उड़ान
केबिनेट मंत्री ने कहा कि हिसार से जल्द हवाई उड़ान शुरू की जाएंगी। प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है। कुछेक औपचारिकताएं बाकी हैं, जिनकी रिपोर्ट लेकर शीघ्र अंतिम रूप देंगे। यह सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मंत्री होने के नाते जिले की सभी परियोजनाओं को पूरा कराएंगे।
मंत्रालय देना सीएम का विशेषाधिकार
रणबीर गंगवा ने कहा कि मंत्रालय देना सीएम का विशेषाधिकार है, लेकिन जो भी महकमा मिलेगा, उसमें पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि काम तय समय पर होने चाहिएं। तय समय पर काम नहीं होना काम न होने के बराबर है। अधिकारी-कर्मचारियों को काम करने में दिक्कत आ रही है तो मुझे बताएं। मैं समाधान कराऊंगा।
डीसी की तारीफ, पुलिस को अलर्ट किया
मंत्री रणबीर गंगवा ने डीसी प्रदीप दहिया के कार्याें की सराहना करते हुए कहा कि इसी गति से काम को पूरा कराएं। नगर निगम आयुक्त रहते हुए कई बड़े प्रोजेक्ट को समय पर पूरा कराया। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया। कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया कि व्यापारियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक में डीसी प्रदीप दहिया, एसपी दीपक सहारण, नगर निगम कमिश्नर वैशाली शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा, माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
रेहड़ी वाले ने बेटे की नौकरी लगने पर मंत्री को खिलाई मिठाई
सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले ने राजबीर ने रणबीर गंगवा को बहबलपुर में राेककर मिठाई खिलाई। उसने बताया कि उनके बेटे को ग्राम सचिव की नौकरी मिली है। नौकरी लगने वाले 20 से अधिक युवा व उनके परिजनों ने भी रेस्ट हाउस में मंत्री को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की।