चारनौंद गांव में खेतों में कीटनाशक का छिड़काव कर रहे राजस्थान भवन में तैनात 22 वर्षीय जोगेंद्र की जहर के प्रभाव में आने से मौत हो गई। राजस्थान पुलिस में तैनात जोगेंद्र दिल्ली स्थित राजस्थान भवन में डब्ल्यूसी के पद पर तैनात था। आजाद नगर चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
छुट्टी पर आया था घर
चारनौंद गांव के रहने वाले शमशेर ने बताया कि चचेरा भाई जोगेंद्र करीब डेढ़ साल पहले राजस्थान पुलिस में भर्ती हुआ था। फिलहाल उसकी दिल्ली में ड्यूटी थी। एक माह पहले ही उसकी राजस्थान के गांव खारा दूधवा की रहने वाली एक युवती से शादी हुई थी। तीन दिन पहले ही जोगेंद्र छुट्टी लेकर गांव आया था।
पुलिस को दिए गए बयान में उन्होंने बताया कि बीती दोपहर को जोगेंद्र खेतों में खड़ी फसल में स्प्रे करने के लिए गया था। छिड़काव करते समय अचानक उस पर दवा का प्रभाव हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। पता चलने पर उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया की कार्रवाई की है।